परिचय - नवीन सी. चतुर्वेदी

परिचय – नवीन सी. चतुर्वेदी

Tuesday, 9 June 2026

भय से ग्रस्त नहीं हैं लेकिन कब तक पीर छुपायें कान्हा

 भय से ग्रस्त नहीं हैं लेकिन कब तक पीर छुपायें कान्हा
तुम्हीं कहो ऐसे ही कबतक स्वयं को ही भरमायें कान्हा
 
पल-पल बढ़ती जनसंख्या ने कण-कण में विष भर डाला है
कालीदह जैसे सिस्टम से कैसे पिण्ड छुड़ायें कान्हा 
 
इन्द्रों का जब भी जी आये ओले बरसाने लगते हैं
बिना तुम्हारे तुम्हीं कहो कैसे गिरिराज उठायें कान्हा
 
इस युग के मनमोहन भी जा कर विदेश आते ही नहीं हैं
उनके बूढ़े माँ-बापों को कब तक धीर धरायें कान्हा
 
हर नवीन लड़ने वाला असमंजस में पड़ ही जाता है
किस-किस अर्जुन को कब तक गीता के पाठ पढ़ायें कान्हा

No comments:

Post a Comment